माध्यमिक शिक्षकों ने लंबित समस्याओं को लेकर किया धरना, मुख्यमंत्री के नाम डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन

Share News

वाराणसी। अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं सम्मानजनक मानदेय सहित कई मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

धरना-प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह पटेल की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. उमेश सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री अंजनी कुमार सिंह एवं डॉ. आनंद सिंह ने संयुक्त रूप से किया।प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई सकारात्मक पहल नहीं हो रही है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 की धारा 12, 18 एवं 21 को पुनर्स्थापित करने, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण तथा वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।वहीं डॉ. उमेश सिंह, डॉ. आनंद सिंह और अंजनी कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार, शिक्षकों के अवशेष देयकों का समयबद्ध भुगतान तथा प्रशासनिक पत्रावलियों के नाम पर शिक्षकों और कर्मचारियों के अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक लगाई जानी चाहिए। ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, एनपीएस खातों की धनराशि जीपीएफ में ब्याज सहित स्थानांतरित करने, वित्तविहीन शिक्षकों को सेवा सुरक्षा एवं सम्मानजनक मानदेय देने, वर्ष 2000 से पूर्व व बाद में नियुक्त तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, कैशलेस चिकित्सा योजना का विस्तार, शिक्षकों को त्रिस्तरीय एसीपी, व्यावसायिक एवं कंप्यूटर शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा, एनपीएस का राज्यांश समय पर जमा कराने तथा 1 अप्रैल 2014 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामूहिक जीवन बीमा योजना का लाभ देने सहित कई मांगें शामिल थीं।

धरने में सुधीर दुबे, अनिल वर्मा, अग्नि कुमार सिंह (प्रदेश मंत्री), सत्येंद्र कुमार राय (प्रदेश उपाध्यक्ष अटेवा), चंद्रप्रकाश गुप्ता (जिला अध्यक्ष अटेवा वाराणसी), डॉ. राजेश कुमार यादव (मंडल अध्यक्ष), डॉ. रविंद्र कुमार पांडे (मंडल मंत्री), केशचंद्र सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार (संगठन मंत्री), जागृति उपाध्याय, रंजीत कुमार, राजन चक्रवर्ती, सती राम, गणेश यादव, जितेंद्र सोनकर, सतीश वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *