
वाराणसी। भाजपा की महानगर, जिला और काशी क्षेत्र की नई संगठनात्मक सूची में विश्वकर्मा समाज को महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर समाज में नाराजगी है। शुक्रवार को श्री विश्वकर्मा सभा, चौकाघाट की बैठक में संगठन में सम्मानजनक भागीदारी की मांग उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के कार्यवाहक अध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने की। सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज भाजपा के अभियानों और कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसके बावजूद नई संगठनात्मक सूची में समाज के किसी कार्यकर्ता को स्थान नहीं मिलना निराशाजनक है। समाज विशेष कृपा नहीं, बल्कि अपने योगदान के अनुरूप संगठन में प्रतिनिधित्व चाहता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाज की आबादी पांच प्रतिशत से अधिक है और पूर्वांचल की कई विधानसभा सीटों पर उसका प्रभाव है। ऐसे में संगठन में भागीदारी की अपेक्षा स्वाभाविक है। मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा के साथ मजबूती से खड़े विश्वकर्मा समाज को संगठन में उचित स्थान मिलना चाहिए। राजकुमार विश्वकर्मा, चंद्रकला विश्वकर्मा और अनिल विश्वकर्मा ने भी समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में नित्यानंद विश्वकर्मा, अंजनी विश्वकर्मा, दिलीप विश्वकर्मा, रीना विश्वकर्मा, सुशीला विश्वकर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. सुनील विश्वकर्मा, जयराम विश्वकर्मा, वेंकटेश विश्वकर्मा, युगल किशोर विश्वकर्मा और पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
