
सेवा संकल्प अभियान में पात्र लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। 388-शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज में जनसेवा शिविर लगाया गया। सुबह 10 से शाम चार बजे तक चले शिविर में करीब 18 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आधार कार्ड समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के आवेदन भरवाकर जमा कराए गए। इसके साथ ही योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान का प्रयास किया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर उत्तरी विधायक एवं स्टाम्प मंत्री रवींद्र जायसवाल ने किया। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद विनय शादेजा, संदीप रघुवंशी, बलिराम कन्नौजिया, पूर्व पार्षद दिनेश यादव समेत अन्य शामिल थे।
