
उत्तर प्रदेश शासन ने जारी किया आदेश, पहले निर्बन्धित अवकाश की सूची में शामिल था यह दिन
वाराणसी/लखनऊ (स्पीक द वर्ल्ड)। उत्तर प्रदेश शासन ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 26 अक्टूबर, सोमवार को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से 25 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में विज्ञप्ति जारी की गई है। इससे पहले महर्षि वाल्मीकि जयंती पर 26 अक्टूबर को निर्बन्धित अवकाश घोषित किया गया था।
शासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सामान्य प्रशासन अनुभाग की 17 नवंबर 2025 को जारी विज्ञप्ति संख्या 671/तीन-2025-39(2)-2016 के प्रस्तर-2 (II) में निर्बन्धित अवकाशों की सूची के क्रमांक 24 पर महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 26 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को निर्बन्धित अवकाश घोषित किया गया था। इस संबंध में शासन स्तर पर सम्यक विचार-विमर्श के बाद अब उक्त तिथि पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 26 अक्टूबर 2026 को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अधीन नहीं होगा। नए निर्णय के अनुरूप 17 नवंबर 2025 को जारी पूर्व विज्ञप्ति को इसी सीमा तक संशोधित माना जाएगा, जबकि उसके शेष प्रावधान यथावत रहेंगे।
