
बालिकाओं ने ‘प्रकृति भक्ति’ प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
वाराणसी। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) चिरईगांव में बालिकाओं के भीतर पर्यावरण चेतना जगाने और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रकृति भक्ति’ विषय पर विविध प्रतियोगिताओं एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह और विज्ञान विषय की एआरपी रश्मि त्रिपाठी ने छात्राओं के साथ जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वायु प्रदूषण और ओजोन परत के महत्व पर गहन चर्चा की। इस दौरान छात्राओं ने भी बिना किसी झिझक के अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। इस विशेष आयोजन की प्रेरणा लंदन निवासी संदीप शर्मा से मिली, जो शिक्षिका कल्पना तिवारी के मित्र हैं। उनका उद्देश्य मेधावी बच्चों को ‘प्रकृति भक्ति’ लोगो अंकित बैग देकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।छात्राओं की प्रतिभा निखारने के लिए लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कैनवास व शब्दों के जरिए प्रकृति सुरक्षा का संदेश दिया। समारोह के समापन पर बीईओ प्रीति सिंह, एआरपी रश्मि त्रिपाठी और कल्पना तिवारी ने विजेताओं को विशेष बैग देकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उपासना के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
