
कबीरदास के जीवन-वृत्त पर आधारित पुस्तक को वक्ताओं ने बताया लोकोपयोगी
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। पीसीएस (सेवानिवृत्त) ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की वाराणसी जनपद शाखा का त्रैमासिक अधिवेशन शनिवार को सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित हुआ। मंडल अध्यक्ष श्री रामलोचन यादव और जनपद अध्यक्ष श्री विंध्यवासिनी राय की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में सेवानिवृत्त अपर जिलाधिकारी श्रीप्रकाश की पुस्तक ‘काशी के कबीर’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पुस्तक के लेखक श्रीप्रकाश ने रोचक अंदाज में पुस्तक की विषय-वस्तु और उसके विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उनकी प्रस्तुति का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि काशी के महान संत एवं कवि कबीरदास के जीवन-वृत्त पर आधारित यह पुस्तक पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। पुस्तक के माध्यम से कबीरदास के जीवन, विचारों और उनके योगदान को समझने का अवसर मिलेगा। अधिवेशन में उपस्थित अधिकारियों ने पुस्तक के प्रकाशन की सराहना करते हुए लेखक श्रीप्रकाश को साधुवाद दिया। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि यह कृति कबीरदास के व्यक्तित्व और विचारों को जनसामान्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में एसोसिएशन के सदस्यों और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
