
श्रीराम ने किया खर-दूषण का वध
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। भोजूबीर में चल रही पारंपरिक रामलीला के मंच पर पंचवटी के अत्यंत आध्यात्मिक और शक्ति-प्रदर्शन से भरपूर प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। लीला की शुरुआत में पंचवटी के शांत और प्राकृतिक वातावरण में प्रभु श्रीरामचन्द्रजी ने भाई लक्ष्मण को भक्ति, ज्ञान, नीति और वैराग्य का गूढ़ उपदेश दिया। श्रीराम के वचनों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। तत्पश्चात, लंकापति रावण की बहन शूर्पणखा पंचवटी पहुंची और श्रीराम व लक्ष्मण के समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखा। मना करने पर जब वह माता सीता को डराने लगी, तो श्रीराम के संकेत पर लक्ष्मण ने शूर्पणखा के नाक और कान काट दिए। नाक कटने के बाद शूर्पणखा रोती-बिलखती अपने भाई खर और दूषण के पास पहुंची। बहन के अपमान से क्रोधित होकर खर-दूषण राक्षसी सेना के साथ पंचवटी पर आक्रमण करने आए। इसके बाद मंच पर भयंकर युद्ध का दृश्य जीवंत हो उठा। प्रभु श्रीराम ने अपने दिव्य बाणों का प्रहार कर खर-दूषण और उनकी संपूर्ण सेना का संहार कर दिया। कलाकारों के सधे अभिनय और जय श्रीराम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

