
वाराणसी। बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष विनीत कुमार सिंह ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर पूर्णिया (बिहार) के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तथा अन्य संबंधित सांसदों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र में विनीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा सनातनी वेश धारण कर सनातन धर्म का मजाक उड़ाया गया तथा इस दौरान राहुल गांधी सहित अन्य सांसदों ने भी सहयोग किया। उन्होंने कहा कि इस घटना के वीडियो और फोटो देखने के बाद उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुंची है। साथ ही साधु-संतों के वेश का भी उपहास किया गया है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मांग की कि संबंधित सांसदों के विरुद्ध हिंदू एवं सनातन धर्म का उपहास उड़ाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी की आस्था के साथ खिलवाड़ न हो।
इस दौरान पंकज सिंह, पवन सिंह, विकास सिंह, सुधीर पाल, अनुराग सिंह, गौतम सिंह, मनीष सिंह उर्फ लड्डू सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।
