
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अतिप्राचीन एवं प्रसिद्ध शिवपुर रामलीला में बुधवार को भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास प्रसंग के अंतर्गत वाल्मीकि मिलन एवं चित्रकूट विश्राम की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला के दौरान श्रीराम भारद्वाज आश्रम से आगे प्रस्थान करते हैं। मार्ग में उनकी भेंट एक बाल रूप तापस से होती है। तापस प्रभु के चरणों में नतमस्तक होकर उनका वंदन करता है। श्रीराम उसे आशीर्वाद देकर आगे बढ़ जाते हैं।मार्ग में श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को वनवासी वेश में देखकर ग्रामीण आश्चर्यचकित हो जाते हैं।

ग्राम की महिलाओं ने माता सीता से उनके वन जाने का कारण पूछा। माता सीता ने बताया कि पिता के वचन का पालन करने के लिए उन्हें 14 वर्ष का वनवास स्वीकार करना पड़ा है। ग्रामीणों ने श्रीराम से कुछ समय उनके बीच रुकने का आग्रह किया, लेकिन प्रभु ने धर्म और पिता के वचन को सर्वोपरि बताते हुए आगे बढ़ना उचित समझा।चित्रकूट पहुंचने पर श्रीराम की भेंट महर्षि वाल्मीकि से होती है। प्रभु को अपनी कुटिया में पाकर महर्षि वाल्मीकि भावविभोर हो उठते हैं। उन्होंने कहा कि जिन प्रभु के दर्शन के लिए ऋषि-मुनि युगों तक तपस्या करते हैं, वही आज माता सीता और लक्ष्मण के साथ उनके आश्रम में पधारे हैं।

महर्षि वाल्मीकि सहित अन्य ऋषि-मुनियों ने प्रभु का स्वागत-सत्कार किया और उन्हें कंद-मूल एवं फल अर्पित किए।निवास के लिए स्थान पूछने पर महर्षि वाल्मीकि ने श्रीराम को चित्रकूट की पावन वादियों को उपयुक्त बताया। इसके बाद श्रीराम ने माता सीता और लक्ष्मण के साथ चित्रकूट में पर्णकुटी बनाकर निवास किया। लीला के दौरान कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के समापन पर पूरा रामलीला मैदान ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा।
