
अरविन्द विश्वकर्मा
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर स्थित मिनी स्टेडियम में श्रीश्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से बनाए जा रहे भव्य दुर्गा पूजा पंडाल की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार पंडाल को प्रसिद्ध हवा महल की तर्ज पर सजाया गया है, जहां 16 अक्टूबर से श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे। पूजा को लेकर समिति के पदाधिकारी और सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।समिति के अध्यक्ष सुशांत जायसवाल ने बताया कि आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी सदस्य सक्रिय हैं। मंत्री राकेश गुप्ता ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न कराए जाएंगे, वहीं पंडाल सलाहकार रूपेश दादा ने बताया कि राजस्थानी शैली की झांकियों और प्रतिमा पर विशेष ध्यान दिया गया है।छह दिनों के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान:16 अक्टूबर (महाषष्ठी): सायंकाल विल्व बोधन, आमंत्रण एवं अधिवास पूजन, महाआरती व प्रसाद वितरण।17 अक्टूबर (महासप्तमी): सुबह नवपत्रिका स्नान, प्राण प्रतिष्ठा, पुष्पांजलि और महाआरती।18 अक्टूबर (महाअष्टमी): सुबह महास्नान, अष्टमी विहित पूजा, पुष्पांजलि, आरती और प्रसाद वितरण।19 अक्टूबर (महाअष्टमी एवं महासंधि पूजा): सुबह नित्य पूजन के बाद महासंधि पूजा, बलिदान, पुष्पांजलि और महाआरती।20 अक्टूबर (महानवमी): सुबह नवमी पूजन, दोपहर में सामूहिक हवन, कन्या पूजन, भव्य भंडारा और प्रसाद वितरण।21 अक्टूबर (विजयादशमी): सुबह नित्य पूजन, महिलाओं द्वारा सिंदूरदान और सायंकाल मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन।श्रीश्री दुर्गा पूजा समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
