शिवपुर रामलीला: भरत-कैकेयी संवाद पर रो पड़े श्रद्धालु

Share News

सुमंत को खाली हाथ देख दशरथ ने त्यागे प्राण

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर की अतिप्राचीन एवं प्रसिद्ध रामलीला में बुधवार की रात वनवास प्रसंग का अत्यंत करुण और भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के जीवंत अभिनय ने उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं।लीला के क्रम में दर्शाया गया कि श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को वन में छोड़कर जब महामंत्री सुमंत अकेले अयोध्या लौटते हैं, तो महाराज दशरथ को गहरा आघात लगता है।

श्रीराम के वापस न लौटने का दुख सह न पाने के कारण पुत्र वियोग में तड़पते हुए महाराज दशरथ ‘राम-राम’ पुकारते हुए अपने प्राण त्याग देते हैं। राजा दशरथ के देहावसान से पूरी अयोध्या नगरी शोकाकुल हो उठती है।उधर, ननिहाल से लौटे राजकुमार भरत और शत्रुघ्न जब अयोध्या पहुंचकर श्रीराम के वनगमन और माता कैकेयी के वचनों के बारे में सुनते हैं, तो वे आहत हो उठते हैं। भरत माता कैकेयी के इस निर्णय का कड़ा विरोध करते हैं और उन्हें खरी-खोटी सुनाते हैं। वहीं, शत्रुघ्न कुटिल दासी मंथरा को उसके षड्यंत्र का दंड देते हैं। भरत और माता कौशल्या के बीच हुए करुण संवाद ने वहां मौजूद हर दर्शक का हृदय पिघला दिया।

लीला के अंत में गुरु वशिष्ठ की उपस्थिति में राजसभा बुलाई जाती है, जिसमें सर्वसम्मति से श्रीराम को वापस अयोध्या लाने की योजना बनती है। मंचन के दौरान पूरा प्रांगण ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *