
रविवार 18 अक्टूबर को सुबह 8:27 बजे अष्टमी तिथि शुरू हो चुकी है, जो सोमवार 19 अक्टूबर को सुबह लगभग 10:52 बजे तक रहेगी.
इसके बाद नवमी तिथि प्रारंभ हो जाएगी और मंगलवार 20 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12:50 बजे तक रहेगी। इस कारण सोमवार को अष्टमी और नवमी, दोनों तिथियों का संयोग बन रहा है.
“औघड़”
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शारदीय नवरात्रि में इस बार महाअष्टमी और महानवमी की तिथियों को लेकर श्रद्धालुओं के बीच असमंजस की स्थिति है। वाराणसी के पंचांग के अनुसार, रविवार 18 अक्टूबर को सुबह 8:27 बजे अष्टमी तिथि शुरू हो चुकी है, जो सोमवार 19 अक्टूबर को सुबह लगभग 10:52 बजे तक रहेगी। इसके बाद नवमी तिथि प्रारंभ हो जाएगी और मंगलवार 20 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12:50 बजे तक रहेगी। इस कारण सोमवार को अष्टमी और नवमी, दोनों तिथियों का संयोग बन रहा है। तिथि के इस बदलाव के कारण चढ़ती-उतरती व्रत रखने वाले, पूरे नौ दिन व्रत करने वाले तथा हवन और कन्या पूजन करने वाले श्रद्धालुओं के मन में सवाल है कि उन्हें किस दिन कौन-सा अनुष्ठान करना चाहिए।

“चढ़ती-उतरती व्रत रखने वाले कब करें अष्टमी व्रत?”
जो श्रद्धालु नवरात्रि के प्रारंभ और अष्टमी के अवसर पर व्रत रखते हैं, वे सोमवार 19 अक्टूबर को उदया तिथि के अनुसार महाअष्टमी का व्रत रख सकते हैं। इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना की जाएगी। अष्टमी तिथि सुबह लगभग 10:52 बजे तक रहने के कारण सुबह के समय अष्टमी संबंधी पूजा, हवन और कन्या पूजन करने की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं को समय का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हालांकि, जिन परिवारों में कुल परंपरा के अनुसार व्रत और पूजन का अलग विधान है, उन्हें अपने पारिवारिक पुरोहित के निर्देश के अनुसार निर्णय लेना चाहिए।
“नौ दिन पूजा करने वाले हवन और कन्या पूजन कब करें?”
नौ दिनों तक नियमित पूजा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सोमवार 19 अक्टूबर को अष्टमी के अवसर पर हवन और कन्या पूजन करना एक प्रचलित विकल्प है। अष्टमी तिथि सुबह समाप्त होने से पहले अष्टमी के अनुष्ठान पूरे किए जा सकते हैं। वहीं, जो श्रद्धालु नवमी तिथि के सूर्योदय के आधार पर नवमी पूजन और हवन करना चाहते हैं, उनके लिए मंगलवार 20 अक्टूबर को भी अवसर रहेगा। इस दिन नवमी तिथि दोपहर लगभग 12:50 बजे तक है। मां सिद्धिदात्री की पूजा, नवमी हवन और कन्या पूजन के लिए अपनी परंपरा के अनुसार समय निर्धारित किया जा सकता है।

“नौ दिन व्रत रखने वाले पारण कब करें?”
पूरे नौ दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए पारण का समय व्रत के संकल्प और अपनाई जाने वाली पंचांग परंपरा पर निर्भर करेगा। नवमी तिथि के समापन के बाद पारण करने की परंपरा मानने वाले श्रद्धालु मंगलवार 20 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12:50 बजे के बाद, दशमी तिथि में पारण कर सकते हैं। हालांकि, कुछ परिवारों में कन्या पूजन और हवन के बाद ही व्रत खोलने की परंपरा है। ऐसे श्रद्धालु अपने कुलाचार और पुरोहित के निर्देश के अनुसार निर्णय लें।
“तिथि और पूजा के समय में अंतर समझना जरूरी”
पंचांग में तिथि का आरंभ और समापन अंग्रेजी कैलेंडर की मध्यरात्रि से नहीं, बल्कि चंद्रमा की स्थिति के आधार पर होता है। इसलिए एक ही दिन में दो तिथियां पड़ सकती हैं। इस वर्ष अष्टमी तिथि सोमवार की सुबह समाप्त होने और उसी समय नवमी तिथि शुरू होने के कारण महाअष्टमी तथा महानवमी के अनुष्ठानों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी है। श्रद्धालु अपने व्रत के संकल्प, पारिवारिक परंपरा और वाराणसी के स्थानीय पंचांग के अनुसार पूजा, हवन, कन्या पूजन तथा पारण का समय तय करें।
