बाढ़ पीड़ितों की सहायता में नागरिक सुरक्षा ने बढ़ाए कदम, जनसहयोग की अपील

Share News

वाराणसी। प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की राहत सुविधाएं प्राथमिकता से पहुंचाई जाएं। राहत शिविरों में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा सत्येन्द्र कुमार के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा बाढ़ राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेन्द्र देव सिंह ने बताया कि बाढ़ राहत केंद्रों पर वार्डेन और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। स्वयंसेवक प्रभावित लोगों की सहायता में लगातार जुटे हैं। उन्होंने समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से राहत कार्यों में सहयोग की अपील की। सहायता के इच्छुक लोग नागरिक सुरक्षा के चेतगंज स्थित प्रधान कार्यालय (सेलटेक्स बिल्डिंग) से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से बाढ़ पीड़ित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सकती है। बैठक का संचालन एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता ने किया। इस दौरान सहायक उप नियंत्रक इरफानुल होदा और विवेक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *