
बैरिया में 240, बांसडीह में 1110 और बलिया सदर में 150 परिवारों को मिली राहत सामग्री
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तहसील बांसडीह के बाढ़ प्रभावित पीड़ितों को बाढ़ राहत किट वितरित की। जिले की तीन तहसीलों में कुल 1500 बाढ़ पीड़ितों को राहत किट उपलब्ध कराई गई। तहसीलवार वितरण के तहत बैरिया में 240, बांसडीह में 1110 तथा बलिया सदर में 150 बाढ़ पीड़ितों को राहत किट दी गई। राहत किट में प्रभावित परिवारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री के साथ घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भी शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक बाढ़ राहत किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 10 किलो आलू, 2 किलो भुना हुआ चना, 2 किलो चना, ढाई किलो लाई, 1 किलो चीनी और 1 किलो खाद्य तेल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा राहत किट में एक छतरी, एक बाल्टी, एक मग, एक पैकेट माचिस, एक तौलिया, साबुन और एक पैकेट अगरबत्ती भी दी गई है। बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए किट में वायरस पाउडर दवा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को संक्रमण एवं अन्य समस्याओं से बचाव में मदद मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राहत सामग्री का वितरण यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है कि बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों को भोजन और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और जरूरतमंद प्रत्येक परिवार तक शासन की सहायता पहुंचाई जाए। सरकार की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था करना है।
*बाढ़ पीड़ितों को वितरित की गईं 1300 चिकित्सा किट, 10 प्रकार की दवाइयों के साथ क्लोरीन की गोलियां भी शामिल*
मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सा विभाग द्वारा बाढ़ पीड़ितों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा किट का वितरण किया गया। विभाग की ओर से अब तक 1300 बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सा किट उपलब्ध कराई गई हैं। इन चिकित्सा किटों में बाढ़ के दौरान होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 10 प्रकार की आवश्यक दवाइयां शामिल की गई हैं। इनमें कट लगने, बुखार, उल्टी-दस्त, जुकाम, सिर दर्द सहित अन्य सामान्य बीमारियों के उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयां दी गई हैं। इसके अलावा पानी को स्वच्छ रखने और संक्रमण से बचाव के लिए क्लोरीन की गोलियां भी किट में उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों को दवाइयों के उचित उपयोग और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।जिला चिकित्सा विभाग का कहना है कि बाढ़ के दौरान दूषित पानी और गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार के संक्रमण एवं बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी की पहल के तहत बाढ़ पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है, ताकि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री सत्येंद्र सिंह, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, माननीय मंत्री दानिश आजाद अंसारी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, बांसडीह विधायक केतकी सिंह, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह, पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री फेफना उपेंद्र तिवारी, नारद राय, रवि शंकर उर्फ पप्पू, श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, विधायक बेल्थरारोड हंसू राम, पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
