
इच्छुक कृषक कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर बुकिंग कर लाभ उठायें
वाराणसी। आगामी रबी सीजन हेतु कृषि विभाग से सरसों, चना, मटर एवं मूसर का बीज प्राप्त करने के लिए माह जुलाई से कृषकों द्वारा पोर्टल पर बुकिंग की गयी थी। ई-लाटरी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष निःशुल्क बीज मिनीकिट हेतु 3954 कृषकों के सापेक्ष 2216 एवं 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज प्राप्त करने हेतु 2438 कृषकों के सापेक्ष 965 कृषकों का चयन हुआ है। बीजों की आपूर्ति जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर कर दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जिन किसानों का चयन हुआ है, उनके पंजीकृत मोबाइल पर मैसेज भी पोर्टल के माध्यम से भेजा गया है। संबंधित बीज का वितरण 16 सितंबर से राजकीय कृषि बीज गोदाम सेे किया जा रहा हैं। चयनित किसानों से अपील की है कि अपने विकास खण्ड के राजकीय कृषि बीज भण्डार से सम्पर्क कर चना, मटर, मसूर, सरसों का बीज अविलम्ब प्राप्त करते हुए समय से बुवाई करे। इसी के साथ ही साथ अवगत कराना है कि 50 प्रतिशत अनुदान पर सामान्य वितरण के लिए गेंहू, चना, मटर एव सरसों बीज की बुकिंग चल रही है। इच्छुक कृषक भाइयों से अपील है कि कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर बुकिंग कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम् लाभ उठायें, जिससे बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
