28 जुलाई को माटी पूजन व कलश यात्रा, 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे शुभारंभ, फरवरी 2027 तक देशभर में चलेंगे समरसता कार्यक्रम

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 29 जुलाई 2026 से संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन, दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश के प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रव्यापी ‘संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज सामाजिक समरसता अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से होगा। इसकी जानकारी सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लाल सिंह आर्य, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, नवरत्न राठी, विधायक टी. राम, संतोष सोलारपुरकर सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संत समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।भाजपा नेताओं ने बताया कि 28 जुलाई को संत रविदास जन्मस्थली पर माटी पूजन एवं कलश पूजन किया जाएगा, जिसके बाद जन्मस्थली स्मारक से संत रविदास जन्मस्थान मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं 29 जुलाई को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इस अवसर पर देशभर से संत समाज, भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे।नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई से देशभर के 51 हजार स्थानों पर कलश वितरण किया जाएगा। वाराणसी से पूजित कलश लेकर कार्यकर्ता अपने-अपने राज्यों के लिए रवाना होंगे, जहां प्रदेशों की सीमाओं से लेकर राजधानी तक कलशों का स्वागत, पूजन और शोभायात्राएं आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों में जिला मुख्यालयों पर कलश वितरण कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों के तहत 19 जुलाई को राष्ट्रीय कार्यशाला, 21 प्रदेशों में प्रदेश स्तरीय कार्यशालाएं तथा 25 से 27 जुलाई तक संगठनात्मक जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की गईं। अभियान का पहला चरण 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक विशेष यात्राओं एवं समरसता कार्यक्रमों के रूप में आयोजित होगा। इसमें जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के संत, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे।भाजपा नेताओं ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज ने समाज को समरसता, कर्मयोग, भक्ति और समानता का संदेश दिया। उनकी जन्मभूमि काशी से इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार संतों और महापुरुषों के विचारों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए इतना व्यापक और संगठित अभियान चलाया जा रहा है।
