
नंदीग्राम में पर्णकुटी बनाकर तपस्वी जीवन बिताने लगे भरत, रामलीला में त्याग और मर्यादा का भावुक मंचन
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर की प्रसिद्ध रामलीला में श्रीराम और भरत के मिलन, त्याग और भ्रातृप्रेम का भावपूर्ण मंचन किया गया। चित्रकूट में प्रभु श्रीराम को वनवास से वापस अयोध्या लौटाने के लिए भरत ने भरपूर आग्रह किया, लेकिन पिता के वचन का पालन करने के अपने धर्म पर अडिग श्रीराम ने अयोध्या लौटने से इनकार कर दिया। इस प्रसंग के सजीव मंचन ने रामलीला देखने पहुंचे श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।रामलीला के प्रसंग के अनुसार, अयोध्यावासियों के साथ चित्रकूट पहुंचे भरत ने श्रीराम से वनवास त्यागकर अयोध्या लौटने और राजपाट संभालने की विनती की। भरत के बार-बार आग्रह के बावजूद श्रीराम ने पिता महाराज दशरथ के वचन और मर्यादा का पालन करने का संकल्प नहीं छोड़ा। अंततः भरत के अत्यधिक निवेदन पर प्रभु श्रीराम ने अपनी चरण पादुका (खड़ाऊं) उन्हें सौंप दी।
भरत ने इन खड़ाऊं को श्रीराम के प्रतिनिधि के रूप में स्वीकार किया और अयोध्या लौटने का निर्णय लिया।इस दौरान मुनि अत्रि की आज्ञा से निर्मित भरत कूप की महिमा का भी प्रसंग प्रस्तुत किया गया। मान्यता के अनुसार, इस कूप में अनेक तीर्थों का जल एकत्र किया गया था। प्रभु श्रीराम ने भरत को इसकी महत्ता बताई।चित्रकूट से खड़ाऊं लेकर अयोध्या लौटे भरत ने उन्हें राजसिंहासन पर विराजमान किया। उन्होंने स्वयं राजा के रूप में सुख-सुविधाओं का उपभोग करने के बजाय श्रीराम के प्रतिनिधि के रूप में राज्य की व्यवस्था चलाने का संकल्प लिया। राज्य संचालन का दायित्व शत्रुघ्न को सौंपकर भरत नंदीग्राम चले गए, जहां उन्होंने पर्णकुटी बनाकर तपस्वियों की तरह जीवन बिताना शुरू किया।नंदीग्राम में भरत के तपस्वी जीवन और उनकी आरती का मंचन विशेष आकर्षण रहा। भरत का त्याग, बड़े भाई के प्रति अटूट प्रेम और राजसुख से दूरी का दृश्य देखकर लीला प्रेमियों के मन में श्रद्धा और भक्ति का भाव उमड़ पड़ा।
रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय ने कहा कि भरत का चरित्र त्याग, समर्पण और मर्यादा की अनुपम मिसाल है। वहीं, समिति के मंत्री त्रिलोकी सेठ ने कहा कि स्थानीय कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से रामायण के प्रसंग को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नंदीग्राम प्रवास के दृश्य ने दर्शकों को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।शिवपुर रामलीला का यह प्रसंग संदेश देता है कि सत्ता से बड़ा धर्म, अधिकार से बड़ा कर्तव्य और स्वार्थ से बड़ा प्रेम होता है। भरत का जीवन आज भी त्याग, आदर्श भाईचारे और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
