
भरत के त्याग और प्रभु राम के आदर्शों ने दर्शकों को किया भावविभोर
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। केंद्रीय कारागार में चल रही रामलीला के छठवें दिन भरत मिलाप, खर-दूषण वध, सीता हरण, जटायु प्रसंग और शबरी भक्ति सहित कई प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। इस दौरान भरत के त्याग, लक्ष्मण के भ्रातृप्रेम और शबरी की भक्ति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।लीला में दिखाया गया कि निषादराज के साथ भरत अयोध्यावासियों को लेकर भगवान राम को मनाने वन पहुंचते हैं। भरत के आने की सूचना पर लक्ष्मण को आशंका होती है कि वह सेना लेकर राम पर आक्रमण करने आ रहे हैं। इस पर लक्ष्मण क्रोधित होकर भरत को युद्ध में परास्त करने की बात कहते हैं। भगवान राम उन्हें समझाते हैं कि भरत को कभी राजमद नहीं हो सकता। भरत राम के चरणों में गिरकर उनसे अयोध्या लौटकर राजपाट संभालने का आग्रह करते हैं, लेकिन राम अपने वचन के प्रति दृढ़ रहते हैं। गुरु वशिष्ठ के सुझाव पर भरत भगवान राम की चरण पादुका लेकर अयोध्या लौटते हैं और उनके प्रतिनिधि के रूप में राज्य का दायित्व संभालने का निर्णय लेते हैं।इसके बाद पंचवटी में शूर्पणखा प्रसंग, खर-दूषण वध और रावण द्वारा मारीच को स्वर्ण मृग बनाकर भेजने का मंचन हुआ। स्वर्ण मृग को देखकर सीता भगवान राम से उसे लाने का आग्रह करती हैं। राम के आश्रम से दूर जाने पर रावण छलपूर्वक सीता का हरण कर लेता है। सीता की रक्षा के लिए जटायु रावण से युद्ध करते हैं, लेकिन रावण उनके पंख काटकर उन्हें घायल कर देता है। सीता की खोज में निकले राम को जटायु से हरण का पूरा वृत्तांत पता चलता है।आगे प्रभु राम का शबरी के आश्रम पहुंचना और उनके प्रेमपूर्वक दिए गए जूठे बेर ग्रहण करने का प्रसंग दिखाया गया। भगवान राम शबरी को नवधा भक्ति का उपदेश देते हैं। शबरी उन्हें सुग्रीव से मित्रता करने की सलाह देती हैं। इसके बाद राम और सुग्रीव के बीच संवाद तथा बालि के भय से सुग्रीव के त्रिकूट पर्वत पर छिपकर रहने का प्रसंग दिखाया गया। इसी के साथ छठवें दिन की रामलीला का समापन हुआ।

इस अवसर पर केंद्रीय कारागार वाराणसी के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट संदीप खरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
