
वाराणसी। यूपी कॉलेज के कृषि संकाय में बीएससी कृषि प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। आईसीएआर की छठी डीन समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कालेज की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। समापन सत्र के मुख्य अतिथि दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड डेवलपमेंट के संकायाध्यक्ष एवं पूर्व छात्र प्रो. अवनीश प्रकाश सिंह ने कहा कि अनुशासन, निरंतर अध्ययन और स्पष्ट लक्ष्य ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी। डॉ. संध्या द्विवेदी ने ई-लाइब्रेरी, डेलनेट और इन्फ्लिबनेट सहित डिजिटल संसाधनों की जानकारी दी। प्रो. अंजू सिंह ने राजर्षि कल्चरल क्लब की गतिविधियों से परिचित कराया। विद्यार्थियों को कृषि प्रक्षेत्र, डेयरी, कृषि अभियंत्रण, उद्यानिकी एवं मधुमक्खी पालन इकाइयों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। समारोह में कृषि संकायाध्यक्ष प्रो. राघवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रो. प्रज्ञा पारमिता, प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित कृषि संकाय के शिक्षक एवं विद्यार्थी थे।
