
प्रेम-प्रसंग, सात बीघा जमीन के लालच और शादी तय होने समेत कई एंगल पर जांच; मकान मालिक और आरोपी के पिता हिरासत में…
वाराणसी। जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी की छात्रा श्रेया उर्फ मोनू (22) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे विवेक चौबे की तलाश तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम नीतू कादयान के निर्देशन में राजातालाब पुलिस के साथ चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग, सात बीघा जमीन के लालच और छात्रा की शादी तय होने समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।परिजनों ने आरोप लगाया है कि चोलापुर क्षेत्र के नियारडीह निवासी विवेक चौबे ने श्रेया का अपहरण कर उसकी हत्या की। परिजनों के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी अपने ननिहाल भुवालपुर/सीखड़, मिर्जापुर की ओर भागा और वहां बाइक व बैग छोड़कर फरार हो गया। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।
“20 अगस्त को किराये के मकान में मिला शव”
श्रेया 18 अगस्त से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी। इस संबंध में राजातालाब थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। 20 अगस्त को बच्छांव-पश्चिमपुरा स्थित एक किराये के मकान के बाथरूम से छात्रा का शव बरामद हुआ। शव पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से मृतका की चप्पल और रस्सी भी बरामद की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार श्रेया अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी शादी मिर्जापुर में तय हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि 22 नवंबर को रिंग सेरेमनी और 26 फरवरी को शादी प्रस्तावित थी। उनका आरोप है कि शादी तय होने से नाराज होकर विवेक ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
“सात बीघा जमीन को लेकर भी जांच”
परिजनों ने प्रेम-प्रसंग की बात से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि विवेक श्रेया पर बातचीत करने का दबाव बनाता था और वीडियो कॉल के दौरान उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी देता था। परिजनों के मुताबिक परिवार के पास करीब सात बीघा जमीन है और उन्हें आशंका है कि संपत्ति के लालच में आरोपी जबरन शादी का दबाव बना रहा था। पुलिस इस संपत्ति संबंधी एंगल के साथ-साथ छात्रा और आरोपी के बीच संबंध, मोबाइल बातचीत और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
“बैग में मिली चाबी से खुला कमरे का ताला”
परिजनों के मुताबिक 19 अगस्त को उन्होंने बच्छांव पहुंचकर मकान मालिक विवेक द्विवेदी से पूछताछ की। जानकारी मिली कि विवेक चौबे करीब दो महीने से उस मकान में किराये पर रह रहा था। इसके बाद परिजन आरोपी के ननिहाल मिर्जापुर पहुंचे। वहां कथित तौर पर आरोपी की बाइक और बैग मिला। बैग से कमरे की चाबी मिलने के बाद 20 अगस्त की सुबह कमरे का ताला खोला गया, जहां छात्रा का शव बरामद हुआ।
“मकान मालिक और आरोपी के पिता से पूछताछ”
मामले में पुलिस ने मकान मालिक विवेक द्विवेदी और आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा किराये के कमरे तक कैसे पहुंची और घटना के दौरान वहां कौन-कौन मौजूद था।जांच टीमों द्वारा मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट, फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। फोरेंसिक टीम भी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
“पुलिस की चार टीमें लगातार कर रहीं दबिश”
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित चार पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आरोपी के रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल फोन की लोकेशन और संपर्कों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि 18 अगस्त की रात मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस बच्छांव स्थित उसी मकान तक पहुंची थी, जहां छात्रा का मोबाइल सक्रिय बताया जा रहा था, लेकिन कमरे की तलाशी नहीं ली गई। परिजनों का आरोप है कि यदि उसी समय कमरे की गहन तलाशी ली जाती तो छात्रा को बचाया जा सकता था। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने पर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और डिजिटल व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
