
मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मंडल के उद्यमियों एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को बिंदुवार प्रस्तुत कर उन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मंडलायुक्त ने उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक के माध्यम से उद्यमियों की लंबित एवं बकाया राशि के भुगतान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किया गया, जिससे उद्यमियों को राहत मिली है। उद्यमी हित में समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान एवं लंबित भुगतान दिलाने की पहल के लिए लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंडलायुक्त एस. राजलिंगम का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की मासिक पत्रिका ‘उद्योग टाइम्स’ की प्रति भी मंडलायुक्त को भेंट की गई।
इस अवसर पर गुलजारी लाल गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष भी उपस्थित रहे। लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी मंडल प्रशासन एवं उद्यमी संगठनों के बीच समन्वय से औद्योगिक विकास तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को और गति मिलेगी।
