नामवर सिंह की आलोचना में दिखा परंपरा, तर्क और संवाद का व्यापक स्वर

Share News

उदय प्रताप कॉलेज में जन्मशती पर दो दिनी राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। उदय प्रताप कॉलेज के हिंदी विभाग की ओर से प्रसिद्ध आलोचक डॉ. नामवर सिंह की जन्मशती पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘डॉ. नामवर सिंह : हिंदी आलोचना का संवादी स्वर’ का मंगलवार को समापन हुआ। विभिन्न सत्रों में विद्वानों ने उनके काव्य चिंतन, आलोचना दृष्टि, इतिहासबोध और साहित्यिक परंपरा पर विचार रखे। प्रथम सत्र ‘डॉ. नामवर सिंह : काव्य चिंतन की अंतर्ध्वनियां’ की अध्यक्षता करते हुए प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि नामवर सिंह को उनकी परंपरा और परिवेश ने बनाया। प्रो. अरविंद त्रिपाठी ने कहा कि कविता की खोज करते-करते वे बड़े आलोचक बने। जनकवि शिवकुमार ‘पराग’ ने कहा कि सच्चा आलोचक कविता के मूल स्वर को पाठक के मर्म तक पहुंचाता है। प्रो. कमलेश शर्मा ने छायावादी काव्य को समझने के लिए नामवर सिंह के अध्ययन को आवश्यक बताया। सत्र का संचालन डॉ. विवेक सिंह और आभार डॉ. अरविंद सिंह ने व्यक्त किया।

दूसरे सत्र ‘आलोचक नामवर सिंह : इतिहास और परंपरा का आख्यान’ की अध्यक्षता प्रो. संजीव कुमार ने की। उन्होंने कहा कि नामवर सिंह नए वैचारिक आंदोलनों और साहित्यिक प्रवृत्तियों से निरंतर जुड़े रहते थे। प्रो. रघुवंशमणि ने उनकी आलोचना में नई पीढ़ियों के लिए नए अर्थ तलाशने की संभावनाओं को रेखांकित किया। प्रो. सूरज बहादुर थापा ने उनकी जटिल साहित्यिक प्रसंगों को सहजता से प्रस्तुत करने की क्षमता पर प्रकाश डाला। संचालन डॉ. महेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने किया तथा आभार प्रो. सुधीर राय ने जताया। समापन सत्र में वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना ने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि नामवर सिंह शब्दों के भीतर छिपे समय, समाज और मनुष्य के सत्य को उद्घाटित करने वाले सजग आलोचक थे। अध्यक्षता करते हुए प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि उन्हें आलोचना और प्रशंसा की सीमित भाषा में नहीं समझा जा सकता। वे गहरे अंतर्विरोधों से युक्त व्यक्तित्व और तर्क के असाधारण जानकार थे। सत्र का संचालन रविशंकर सोनकर ने किया। शोधपत्र प्रस्तुति सत्र की अध्यक्षता प्रो. अनिता सिंह और डॉ. प्रवीण कुमार यादव ने की। संचालन डॉ. विकास सिंह तथा आभार डॉ. पूनम सिंह ने व्यक्त किया। प्राचार्य डॉ. रमेश प्रताप सिंह ने अतिथियों, वक्ताओं, शोधार्थियों और श्रोताओं के प्रति आभार जताया। संगोष्ठी में मदन कश्यप, प्रो. तरुण कुमार, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामसुधार सिंह, भालचंद्र जोशी, प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह, डॉ. गया सिंह, प्रो. शशिकांत द्विवेदी, अजय राय, प्रो. रमेश धर द्विवेदी, डॉ. विंध्याचल यादव, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, प्रो. प्रकाश उदय, प्रो. मनोज प्रकाश त्रिपाठी, प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह, प्रो. पंकज कुमार सिंह, डॉ. आनंद राघव चौबे, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डॉ. अनुराग उपाध्याय, डॉ. देवेश चंद्र, डॉ. नवीन कुमार यादव, डॉ. विजय कुमार सिंह, डॉ. विनोद पाल, डॉ. सतीश प्रताप सिंह, डॉ. अनिरुद्ध चौधरी और डॉ. विनीत राय थे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *