
वाराणसी। मीरा फाउंडेशन में मंगलवार को आईआईटी (बीएचयू) की छात्रा गिरिजा ने अपना जन्मदिन जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें बड़े सपने देखने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कॉपी, पेंसिल, रबर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।फाउंडेशन की कार्यक्रम अधिकारी दीपशिखा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना है। इसके तहत स्कूल प्रवेश, स्टेशनरी सहायता, जागरूकता अभियान और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए राहत कार्य, राशन एवं कंबल वितरण, पर्यावरण संरक्षण और आपदा सहायता जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। संस्था का कहना है कि शिक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का प्रयास लगातार जारी है।
