वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर सहित पूर्वांचल के कई जिलों में होगी भारी बारिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पूर्वी से लेकर पश्चिमी यूपी तक बारिश का की संभावना जताई है। मंगलवार चार अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।इसके साथ ही वज्रपात को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून सक्रिय होने से अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
“यूपी में मानसून क्यों हुआ सक्रिय”
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने और मानसूनी द्रोणी के सामान्य स्थिति के निकट आने से गंगा के मैदानी क्षेत्रों में मानसूनी प्रवाह मजबूत हुआ है। इसके प्रभाव से पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

“अभी तक सामान्य से कम बारिश”
उत्तर प्रदेश में अब तक हुई बारिश सामान्य से कम है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 34 प्रतिशत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 प्रतिशत बारिश कम हुई है। पूरे प्रदेश का औसत देखें तो 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का फिलहाल अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश इस कमी की कुछ हद तक भरपाई कर सकती है।
“सात अगस्त तक कई हिस्सों में भारी बारिश”
मौसम विभाग ने 4 से 7 अगस्त के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक संग बारिश की संभावना जताई है। 4 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का का अलर्ट जारी किया है। 5 और 6 अगस्त को भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है।

“इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट”
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमें वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, आगरा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, झांसी, महोबा, चित्रकूट, बांदा सहित शामिल हैं।
