राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्य ने की महिला जनसुनवाई

Share News

छोटे-छोटे मामलों की उचित जांच कर अधिकारी निस्तारण कराएं, ताकि लोगों को बिनावजह न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़े-बबीता सिंह चौहान

अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग ने संवेदनशील मामलों में तत्परता से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर दिया जोर

वाराणसी। उ0प्र0 राज्य महिला आयोग, लखनऊ की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान और सदस्य गीता विश्वकर्मा की अध्यक्षता मे महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने हेतु मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन सर्किट हाउस सभागार में हुआ। अध्यक्ष के समक्ष जनसुनवाई में कुल 44 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिसमे 01 का मौके पर निस्तारण हुआ। इसमें अधिकतर प्रकरण घरेलू हिंसा और जमीनी विवाद से संबंधित थे। अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के दृष्टिगत् प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित विभाग को प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

उन्होंने आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उसका निस्तारण नियमानुसार अविलम्ब कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटे मामलों की उचित जांच कर निस्तारण कराएं, ताकि लोगों को न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संवेदनशील मामलों में तत्परता से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इस मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध), जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांग जन शक्तिकरण अधिकारी के प्रतिनिधि, जिला समाज कल्याण अधिकारी के प्रतिनिधि, जिला पंचायत राज अधिकारी के प्रतिनिधि,पैरालीगल वालेंटियरर्स जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, केन्द्र प्रबन्धक, वन स्टॉप सेन्टर, संरक्षण अधिकारी, जिला बालं संरक्षण इकाई के अलावा अन्य अधिकारीगण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *