
वाराणसी(स्पीक द वर्ल्ड)। उदय प्रताप कॉलेज के 117वें संस्थापन समारोह के अंतर्गत राजर्षि सेमिनार हॉल में हिंदी-अंग्रेजी वाद-विवाद एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं अतिथियों ने संस्थापक राजर्षि उदय प्रताप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और कुलगीत के साथ किया।संयोजक प्रो. अंजू सिंह ने रूपरेखा प्रस्तुत की और सह-संयोजक डॉ. अग्नि प्रकाश ने नियम बताए। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को तार्किक चिंतन, स्वस्थ संवाद और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।प्रतियोगिता का विषय ‘तीव्र नगरीकरण विकास का प्रतीक है’ रहा, जिस पर विद्यार्थियों ने पक्ष-विपक्ष में सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय व शैक्षिक पहलुओं पर विचार रखे। प्रथम सत्र में हिंदी वाद-विवाद में प्रो. जितेंद्र सिंह व डॉ. श्वेता निर्णायक रहे, जबकि ‘आत्मनिर्भर भारत एवं सशक्त भारत’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता में डॉ. श्वेता और डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। द्वितीय सत्र में अंग्रेजी वाद-विवाद के निर्णायक डॉ. तारकेश्वर सिंह व प्रो. शरद कुमार श्रीवास्तव रहे। वरिष्ठ प्रो. आशुतोष गुप्ता ने जापान यात्रा के संस्मरण साझा किए। संचालन तनु पांडे व जिया सिंह ने किया तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-विद्यार्थी उपस्थित रहे।
