
कहा, अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है
क्षतिग्रस्त भवनों के मरम्मत हेतु मुवायजा मिलेगा-मंत्री, रविन्द्र जायसवाल
वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को गत् दिनों सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के घटनास्थल का निरीक्षण किया। कल सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में एक मकान ढह गया तथा आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुँचा। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में महिला मोर्चा की नेत्री चंद्रकला के आवास को भी क्षति पहुँची।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने प्रदेश सरकार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने तथा उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस विस्फोट में जो मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें निर्माण तथा जिन मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है, उन्हें मरम्मत करने हेतु प्रदेश सरकार द्वारा मुवायजा दिया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उत्तरी विधान सभा संयोजक अरविंद सिंह, पूर्व वीसी प्रो. जी. सी. जायसवाल, मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन कुमार मौर्य, पार्षद राजेंद्र मौर्या, पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, पार्षद अभय पांडेय, मंडल पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
