
82वें जन्मोत्सव पर कलाकारों ने प्रस्तुत कीं शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। बनारस घराने के विख्यात तबला वादक पंडित लच्छू महाराज के 82वें जन्मोत्सव पर शुक्रवार को रविंद्रपुरी स्थित रूप कमल सभागार में संगीतांजलि अर्पित की गई। समारोह में कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराज को श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मंच कला संकाय के तबला विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रवीण उद्धव और विशिष्ट अतिथि डॉ. कमला शंकर ने दीप प्रज्वलित कर तथा पंडित लच्छू महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। अतिथियों ने उनके व्यक्तित्व और संगीत जगत में योगदान को याद किया। महाराज के शिष्य डॉ. सुब्रत राय चौधरी ने तीनताल में एकल तबला वादन प्रस्तुत किया। उठान, गत, फर्द और विभिन्न बंदिशों के माध्यम से उन्होंने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। पंडित अशोक झा ने राग यमन में छोटा ख्याल ‘सुमिरन कर ले’ और बनारसी ठुमरी प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। तबले पर पंडित जनेश्वर चौबे ने संगत की।वहीं, प्रो. डॉ. संजय वर्मा ने गिटार वीणा पर राग दरबारी कान्हड़ा में मसीतखानी गत और देवी स्तुति की प्रस्तुति दी। उनके साथ पंडित किशन रामडोहकर ने संगत की।कार्यक्रम का संचालन संजय पांडेय तथा धन्यवाद ज्ञापन रवीश दत्त मिश्र ने किया। इस अवसर पर मोहन सिंह, प्रो. मंजू द्विवेदी, दीपक भट्ट, अमित शंकर त्रिवेदी, नीरज नयन पाठक सहित पंडित लच्छू महाराज के शिष्य और संगीतप्रेमी उपस्थित रहे।
