नामवर सिंह बहुपठित आलोचक और सभा को बांधने वाले वक्ता थे: रामसुधार सिंह

Share News

तीन सत्रों में हिंदी आलोचना और कथा साहित्य पर मंथन

वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के हिंदी विभाग की ओर से प्रसिद्ध आलोचक डॉ. नामवर सिंह की जन्मशती पर ‘डॉ. नामवर सिंह : हिंदी आलोचना का संवादी स्वर’ विषयक द्विदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में प्रसिद्ध कवि मदन कश्यप ने कहा कि नामवर सिंह ने मार्क्सवादी आलोचना का जनवादी विस्तार किया। उन्होंने कविता को अपने समय से जोड़कर देखा और निरंतर स्वयं को संशोधित करते रहे।अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि प्रो. अष्टभुजा शुक्ल ने कहा कि नामवर सिंह की परंपरा असहमति, प्रतिवाद और सहज संवाद की परंपरा है। विशिष्ट अतिथि एवं प्राचीन छात्र एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामसुधार सिंह ने कहा कि नामवर सिंह बहुपठित आलोचक थे। उनमें वाक्-चातुर्य और अपनी प्रभावशाली अभिव्यक्ति से पूरी सभा को बांध लेने की अद्भुत क्षमता थी। वह जीवनपर्यंत अपने विचारों को संशोधित करते रहे। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि उनके संवादी स्वर ने हिंदी आलोचना को नया आयाम दिया। द्वितीय सत्र में वरिष्ठ आलोचक डॉ. गया सिंह ने कहा कि नामवर सिंह का आलोचनात्मक विवेक मिट्टी, गिट्टी और लिट्टी के संग विकसित हुआ। उन्होंने अपने आलोचनात्मक संवादी स्वर को जन-जन तक पहुंचाया। प्रो. सदानंद शाही ने साहित्य को समग्रता में देखने की दृष्टि को आलोचना के विस्तार का आधार बताया। प्रो. राजकुमार ने उनके अध्यापन अनुभव साझा किए।तीसरे सत्र में प्रो. बलराज पांडेय, भालचंद्र जोशी, डॉ. प्रवीण कुमार और डॉ. रश्मि रावत ने हिंदी कथा आलोचना में नामवर सिंह के योगदान पर विचार रखे। संगोष्ठी में काफी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *