कृष्णलीला की मनमोहक प्रस्तुति से छाईं चिरईगांव की शिक्षिकाएं

Share News

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सारनाथ में आयोजित दो दिवसीय कला एवं संस्कृति महोत्सव में चिरईगांव ब्लॉक की शिक्षिकाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। समूह नृत्य, एकल नृत्य और समूहगान प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर ब्लॉक का नाम रोशन किया। महोत्सव में शिक्षिकाओं की ओर से प्रस्तुत ‘सत्यभामा-रुक्मिणी’ नृत्य नाटिका आकर्षण का केंद्र रही। अल्प समय में तैयार इस प्रस्तुति में अभिनय, नृत्य और भावाभिव्यक्ति के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटिका की परिकल्पना प्राथमिक विद्यालय सीवों की सहायक अध्यापिका ज्योत्सना अग्रवाल ने की। उन्होंने नारद मुनि की भूमिका निभाई। भगवान श्रीकृष्ण के रूप में प्राथमिक विद्यालय चांदपुर की कल्पना तिवारी, रुक्मिणी के रूप में प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर की सीमा श्रीवास्तव और सत्यभामा के रूप में बीबी फातिमा ने प्रभावशाली अभिनय किया। कंपोजिट विद्यालय सरसौल की अमृता प्रजापति ने भी अपने अभिनय से दर्शकों की सराहना बटोरी। एकल नृत्य प्रतियोगिता में अमृता प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य और समूहगान में भी चिरईगांव की टीम अव्वल रही। एआरपी रश्मि त्रिपाठी और उमेश त्रिपाठी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए आभार जताया।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *