
सुमन्त के बैरंग वापस आने पर राजा दशरथ का उनके साथ संवाद का दृश्य
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। भोजूबीर की प्रसिद्ध रामलीला में बुधवार को राम वन गमन के पश्चात राजा दशरथ के अत्यंत मार्मिक और करुण प्रसंग का मंचन किया गया।लीला में दर्शाया गया कि श्रीराम, सीता और लक्ष्मण को वन छोडकर जब महामंत्री सुमंत अकेले अयोध्या लौटते हैं, तो राजा दशरथ को गहरा आघात लगता है। उन्हें अंत समय तक उम्मीद थी कि सुमंत जी श्रीराम को मनाकर वापस ले आएंगे। लेकिन सुमंत को खाली हाथ देखकर महाराजा दशरथ पूरी तरह निराश और टूट जाते हैं।पुत्र वियोग की इस विषम घड़ी में उन्हें अतीत में श्रवण कुमार के अंधे पिता द्वारा दिया गया ‘पुत्र वियोग में प्राण त्यागने’ का श्राप याद आता है। श्रीराम का नाम पुकारते और विलाप करते हुए राजा दशरथ अपने प्राण त्याग देते हैं। रामलीला के अनुभवी कलाकारों ने इस दृश्य को इतनी जीवंतता और करुण रस से प्रस्तुत किया कि वहां मौजूद दर्शकों की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल शोकाकुल हो उठा।तत्पश्चात, ननिहाल से अयोध्या लौटे राजकुमार भरत जब नगर की स्थिति और पिता के देहावसान का समाचार सुनते हैं, तो वे अत्यंत आहत और व्याकुल हो उठते हैं।रामलीला के इस सुव्यवस्थित संचालन और नियमित व्यवस्था में कमेटी के प्रमुख पदाधिकारियों—ओमप्रकाश गुप्ता, विजय कुमार अस्थाना, दीपक जायसवाल, पंडित मनोज कुमार पाण्डेय, कृष्ण मुरारी पाठक एवं राजेश कुमार विश्वकर्मा की अहम भूमिका रही।
