भोजूबीर रामलीला: प्रभु श्रीराम और निषादराज के अटूट प्रेम ने कराया अलौकिक अनुभूति

Share News

केवट संवाद और चित्रकूट निवास ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। भोजूबीर की प्रसिद्ध रामलीला में मंगलवार को प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनगमन के दौरान श्रृंगवेरपुर में निषादराज गुह से मिलन का अत्यंत भावुक और भक्तिपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया गया। चौदह वर्ष के वनवास पर निकले बालसखा श्रीराम का स्वागत करने के लिए आतुर निषादराज जब कंद-मूल व फल लेकर पहुंचे, तो दोनों मित्रों के स्नेहपूर्ण मिलन की जीवंत प्रस्तुति देख प्रांगण में मौजूद दर्शकों की आंखें नम हो गईं।तत्पश्चात, बहुचर्चित ‘राम-केवट संवाद’ का मंचन हुआ।

गंगा पार कराने के लिए केवट द्वारा प्रभु के कमलवत चरण पखारने के इस पावन दृश्य ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद प्रभु श्रीराम के चित्रकूट स्थित अत्रि ऋषि आश्रम आगमन की झांकी भी प्रस्तुत की गई।लीला के सफल संचालन एवं व्यवस्था में भोजूबीर रामलीला संयोजन समिति के ओमप्रकाश गुप्ता, विजय कुमार अस्थाना, दीपक जायसवाल, पं. मनोज कुमार पाण्डेय, कृष्ण मुरारी पाठक तथा राजेश कुमार विश्वकर्मा का सराहनीय योगदान रहा।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *