
वाराणसी। स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी व वर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व भारत माता मंदिर से आयुक्त कार्यालय तक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्नातक मतदाताओं की बड़ी मौजूदगी देखने को मिली।जुलूस की शुरुआत से पहले आशुतोष सिन्हा ने भारत माता मंदिर में नमन किया। इसके बाद मलदहिया चौराहे पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। जुलूस मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में उन्होंने सड़क से लेकर सदन तक शिक्षकों, छात्रों, नौजवानों और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। आगे भी वह स्नातक मतदाताओं और युवाओं की समस्याओं के समाधान और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। इस दौरान सांसद वीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, विधायक लकी यादव, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’, पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, जिला प्रवक्ता संतोष यादव ‘बबलू’, मनोज सिंह काका, अनीस राजा, रीबू श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
