
राम-सीता-लक्ष्मण के त्याग का जीवंत मंचन
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। प्राचीन भोजूबीर की रामलीला में मंगलवार को राजा दशरथ द्वारा श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारी, कैकेयी के वरदान, राम वनगमन और मंथरा प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। राम के विवाह के बाद राजा दशरथ ने अपने ज्येष्ठ पुत्र श्रीराम को अयोध्या का राजा बनाने के संबंध में वशिष्ठ मुनि से विचार-विमर्श किया। कैकेयी ने राजा दशरथ से पूर्व में दिए गए दो वरदान मांगते हुए श्रीराम के राज्याभिषेक के स्थान पर उन्हें 14 वर्ष का वनवास और भरत के लिए राजगद्दी की मांग की। यह सुनकर राजा दशरथ के आश्चर्य और हृदयविदारक पीड़ा का दृश्य देखकर वातावरण भावुक हो गया। कैकेयी के कोप भवन जाने के बाद श्रीराम ने पिता की आज्ञा और कैकेयी की इच्छा का सम्मान करते हुए वन जाने का निर्णय लिया। माता सीता ने पति के साथ वन जाने तथा लक्ष्मण ने भाई की सेवा और रक्षा के लिए साथ चलने का संकल्प लिया। इस प्रसंग ने त्याग, कर्तव्य और पारिवारिक आदर्श का संदेश दिया।
संयोजन में समिति के महामंत्री विजय कुमार अस्थाना,अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता,राजेश विश्वकर्मा,दीपक जायसवाल समेत समिति के लोग शामिल थे।
