
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज, वाराणसी के मनोविज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष रहे प्रो. ओपी चौधरी को सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की कार्य परिषद का सदस्य नामित किया है। इससे पूर्व प्रो. चौधरी को तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की कार्य परिषद का सदस्य नामित किया था। कार्यकाल के दौरान उन्होंने परिसर में अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान पाठ्यक्रम शुरू कराने, स्ववित्तपोषित शिक्षकों के लिए अवकाश की व्यवस्था तथा कर्मचारियों के समायोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की कार्य परिषद का सदस्य नामित किया। वहां उन्होंने लंबे समय से लंबित मृतक आश्रितों की विश्वविद्यालय सेवा में नियुक्ति के मामले में पहल की और इस संबंध में राज्यपाल से कई बार वार्ता की। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की कार्य परिषद में पुनः सदस्य नामित किए जाने पर शिक्षकों, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों ने प्रो. चौधरी को बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
