शनि पर उभरा रहस्यमयी 10 कोनों का तूफान, वैज्ञानिकों के सामने आ गई नई पहेली

Share News

शनि के दक्षिणी ध्रुव पर एक विशाल 10-कोणीय वायुमंडलीय पैटर्न दिखाई दिया है. हबल की कई वर्षों की तस्वीरों से पता चला कि यह संरचना 2023 से धीरे-धीरे विकसित और मजबूत हो रही है.

दिल्ली। शनि के वातावरण में एक रहस्यमयी बदलाव वैज्ञानिकों के सामने आया है. नासा के हबल स्पेस टेलीस्कोप ने ग्रह के दक्षिणी ध्रुव के आसपास एक विशाल 10-कोणीय पैटर्न देखा है. यह संरचना किसी साधारण बादल की तरह नहीं, बल्कि शनि की तेज गति वाली जेट स्ट्रीम के भीतर बनी एक बड़ी वायुमंडलीय लहर जैसी दिखाई देती है. वैज्ञानिकों नेs 2023 से मिली हबल की तस्वीरों को दोबारा देखा तो इस संरचना के शुरुआती संकेत मिले. इसके बाद के अवलोकनों में यह पैटर्न ज्यादा स्पष्ट और मजबूत होता नजर आया. यह पहली बार है जब शनि के दक्षिणी गोलार्ध में इतनी नियमित और विशाल जेट-स्ट्रीम संरचना दर्ज की गई है.

“दक्षिणी ध्रुव पर दिखा अनोखा पैटर्न”

शनि के उत्तरी ध्रुव पर छह कोनों वाला प्रसिद्ध हेक्सागोन मौजूद है, जिसे वैज्ञानिक 40 साल से ज्यादा समय से देख रहे हैं. नई दक्षिणी संरचना उससे कुछ हद तक मिलती-जुलती जरूर है, लेकिन दोनों में बड़ा अंतर है. उत्तरी हेक्सागोन लंबे समय से स्थिर बना हुआ है, जबकि दक्षिणी 10-कोणीय पैटर्न हाल में विकसित होता दिखाई दे रहा है. 2024 में शोधकर्ताओं और खगोलविदों ने जमीन से ली गई तस्वीरों में इसके शुरुआती संकेत पहचाने थे. 2025 की तस्वीरों में यह और स्पष्ट हो गया. वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2004 से 2017 तक शनि का चक्कर लगाने वाले कैसिनी मिशन को ऐसी लंबे समय तक रहने वाली संरचना के संकेत नहीं मिले थे.

“रहस्यमयी संरचना”

इस खोज की एक खास बात यह भी है कि 10-कोणीय पैटर्न शनि के वातावरण की अलग-अलग परतों में दिखाई देता है. हबल ने अलग-अलग तरंगदैर्ध्य में इसका अवलोकन किया, जिससे वैज्ञानिकों को अलग-अलग ऊंचाइयों पर इसकी मौजूदगी का पता चला. इससे संकेत मिलता है कि यह केवल बादलों की ऊपरी सतह पर बनी आकृति नहीं है, बल्कि वातावरण में ऊपर से नीचे तक फैली संरचना हो सकती है. हालांकि, वैज्ञानिक अभी यह नहीं जानते कि यह अचानक क्यों बनी. इसके बनने के पीछे शनि के वातावरण में कौन-सी प्रक्रिया काम कर रही है, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है.

“वैज्ञानिक तलाशेंगे कारण”

शनि का यह नया रहस्य अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है. वैज्ञानिक हबल और जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप की मदद से इस संरचना पर आगे भी नजर रखेंगे. साथ ही कंप्यूटर मॉडल के जरिए यह समझने की कोशिश की जाएगी कि यह पैटर्न कैसे बना और कितने समय तक टिक सकता है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दक्षिणी ध्रुव का यह 10-कोणीय पैटर्न उत्तरी हेक्सागोन की तरह लंबे समय तक कायम रहेगा या समय के साथ बदल जाएगा. हबल के लगातार किए जा रहे अवलोकन वैज्ञानिकों को शनि के वातावरण में होने वाले ऐसे बदलावों को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी दे रहे हैं।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *