
भारतीय अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष की अध्यक्षता में विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए
वाराणसी एवं पूर्वांचल क्षेत्र में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया
वाराणसी। भारतीय अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलायुक्त सभागार में वाराणसी एवं आसपास के जनपदों में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। जिसमें मल्टी मॉडल टर्मिनल बंदरगाह, रामनगर को जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन से रेल संपर्क मार्ग के माध्यम से जोड़ने, सामने घाट पर क्रूज टर्मिनल के निर्माण,सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान परियोजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण, भूमि हस्तांतरण, राजस्व अभिलेखों के सत्यापन, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय, आधारभूत संरचना के विकास तथा लंबित कार्यों की वर्तमान स्थिति पर अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाराणसी एवं पूर्वांचल क्षेत्र में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ रेल, सड़क एवं जल परिवहन के बेहतर समन्वय से मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को और प्रभावी बनाया जाना आवश्यक है।
बताते चलें कि बैठक में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में मल्टीमॉडल परिवहन, लॉजिस्टिक्स, जल पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
बैठक में मंडलायुक्त एस राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सदस्य (तकनीकी), भारतीय अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, मुख्य अभियंता IWAI, निदेशक, क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी सहित वाराणसी, चंदौली एवं मीरजापुर जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इनके अलावा डीएम चंदौली और पीडी एनएचएआई सासाराम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे।
