
पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच, सपा नेताओं ने किया सम्मानित
वाराणसी। नाग पंचमी पर शहर में विभिन्न स्थानों पर कुश्ती दंगल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बड़ा गणेश स्थित लोहटिया व्यायामशाला में स्व. लल्लू पहलवान की स्मृति में कुश्ती दंगल प्रतियोगिता आयोजित हुई। कुवंर यादव एवं सपा नेता विकास यादव ‘बच्चा’ के नेतृत्व में आयोजित दंगल में वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों के नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में जोर-आजमाइश की। प्रतियोगिता का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय पहलवान बाबूल पहलवान ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सपा नेता विष्णु शर्मा ‘विश्वकर्मा’ एवं राजू यादव मौजूद रहे। विभिन्न अखाड़ों से पहुंचे पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देते हुए अपने हुनर और दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। दंगल में सपा नेताओं एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने पहलवानों की हौसलाअफजाई करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। आयोजकों ने कहा कि कुश्ती भारतीय परंपरा और संस्कृति से जुड़ा खेल है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही पारंपरिक अखाड़ों की संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर कुवंर यादव, विकास यादव ‘बच्चा’, कल्लू पहलवान, राजेश यादव, अशोक यादव, दया पहलवान सहित विभिन्न अखाड़ों के पहलवान, खेलप्रेमी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
