अंगद के पैर नहीं हिला सके रावण के वीर, जयकारों से गूंजा पंडाल

Share News

“नवीन प्रधान”

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर रामलीला में मंगलवार की रात अंगद विस्तार लीला का अद्भुत मंचन हुआ। प्रसंग में भगवान श्रीराम की सभा का दृश्य दिखाया गया, जिसमें जामवंत ने अंगद को शांति-दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजने का प्रस्ताव रखा।शांति प्रस्ताव लेकर अंगद रावण की सभा में पहुँचे और आग्रह किया कि माता सीता को सम्मान सहित प्रभु श्रीराम को लौटाया जाए। मगर रावण अपने हठ और अहंकार पर अड़ा रहा। इसके बाद क्रोधित अंगद ने सभा में चुनौती दी कि यदि कोई भी योद्धा उनके चरण को ज़मीन से हिला दे तो वह सीता वापसी का प्रस्ताव दोबारा नहीं रखेंगे।सभा में बैठे अनेक शूरवीरों ने पूरी ताकत झोंक दी, यहाँ तक कि रावण का पुत्र मेघनाद भी आगे आया, किंतु कोई सफल न हो सका। जब स्वयं रावण ने प्रयास करने के लिए अंगद के चरण पकड़ने चाहे तो अंगद ने पैर पीछे खींच लिया और कहा— “झुकना ही है तो प्रभु श्रीराम के चरणों में झुको, वही तुम्हें क्षमा करेंगे।”यह दृश्य देखकर पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।

रामलीला समिति के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय ने कहा कि अंगद विस्तार लीला धर्म और सत्य की अडिग शक्ति का प्रतीक है। इससे हमें यह संदेश मिलता है कि अहंकार का अंत निश्चित है। समिति के उपाध्यक्ष डॉ. विकास सिंह ने बताया कि शिवपुर रामलीला न सिर्फ धार्मिक परंपरा है बल्कि समाज में आदर्श और मर्यादा की सीख देने वाला उत्सव भी है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *