
वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के समीप शनिवार सुबह अचानक सड़क धंसने से अफरा-तफरी मच गई। सड़क के बीचोंबीच बड़ा गड्ढा बनने से आवागमन प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि सड़क धंसने के समय कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया। सूचना पर पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू कराई।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के बीच अचानक गड्ढा बनने के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी। इससे वाहनों और राहगीरों को सुरक्षित रास्ते से निकाला गया। कुछ देर तक यहां यातायात भी प्रभावित रहा।

*एक साल पहले भी धंसी थी सड़क*
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले भी इसी स्थान पर सड़क धंस गई थी। उस समय जांच में सड़क के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन में लीकेज को इसका कारण बताया गया था। अब दोबारा उसी स्थान पर सड़क धंसने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया सीवर लीकेज के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर होने से गड्ढा बनने की आशंका है। फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की कि केवल सड़क की ऊपरी सतह की मरम्मत करने के बजाय सीवर लीकेज की स्थायी समस्या दूर की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा सड़क न धंसे।
