
वाराणसी। राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरएसएमटी) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित सप्ताहव्यापी छात्र प्रेरण कार्यक्रम-2026 का समापन हुआ। ‘उद्यमियों की आवाज : कक्षा से परे सीख’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उद्यमिता, नेतृत्व, नवाचार और व्यक्तित्व विकास के बारे में जानकारी दी गई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय सचिव एवं द स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया रहे। विशिष्ट अतिथि नीरज पारिख, बृजेश केशरी, टी. गजानन जोशी, सत्य प्रकाश मालवीय और अरुणेश रावत ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा किए। सत्य प्रकाश मालवीय ने जीवन के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। टी. गजानन जोशी ने जीवन मूल्यों और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर चर्चा की। अरुणेश रावत ने सॉफ्ट स्किल को सफलता के लिए जरूरी बताया।

इस दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर भारत को नशामुक्त बनाने का संकल्प कराया गया।निदेशक प्रभारी प्रो. अमन गुप्ता ने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, व्यावसायिक कौशल विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। सप्ताहभर चले कार्यक्रम में शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों और उद्यमियों ने विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। छात्र स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया और अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। समन्वय डॉ. प्रीति सिंह और डॉ. सीपी सिंह ने किया।
