
वाराणसी। यूपी कॉलेज के रक्षा अध्ययन विभागाध्यक्ष डॉ. अग्नि प्रकाश शर्मा ने रक्षा अध्ययन (सैन्य विज्ञान) के विद्यार्थियों को भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस भर्ती में विशेष वेटेज देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस विषय के विद्यार्थियों की शैक्षणिक विशेषज्ञता का लाभ चयन प्रक्रिया में भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की अधिकारी भर्ती में जेईई, नीट और क्लैट-पीजी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों को सीधे सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार के लिए बुलाने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में रक्षा अध्ययन के विद्यार्थियों को भी एसएसबी के लिए विशेष वेटेज या अतिरिक्त पात्रता दी जानी चाहिए। डॉ. शर्मा ने कहा कि रक्षा अध्ययन में राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य इतिहास, युद्धकला, सामरिक चिंतन, भू-राजनीति, रक्षा प्रबंधन, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को भर्ती में प्राथमिकता मिलने से सुरक्षा बलों को बेहतर रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा की गहरी समझ रखने वाले अभ्यर्थी मिलेंगे, जिससे प्रशिक्षण और नेतृत्व दोनों अधिक प्रभावी होंगे।
