
सीता की अग्नि परीक्षा के पश्चात अयोध्या के लिए हुए प्रस्थान
“नवीन प्रधान”
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध शिवपुर रामलीला में रावण वध के पश्चात लंका का राज्य विभीषण को सौंपने व अग्निपरीक्षा की लीला का मनोहारी मंचन किया गया। धर्म पर अधर्म की विजय का संदेश देती इस लीला में प्रभु श्रीराम ने युद्ध में रावण का वध कर लंका को राक्षसों के आतंक से मुक्त कराया। तत्पश्चात उन्होंने विभीषण को लंका का राज्य सौंपते हुए कहा कि अब लंका में धर्म का राज चलेगा।इसके बाद माता सीता की अग्नि परीक्षा का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें माता सीता ने अपनी पवित्रता सिद्ध की। यह दृश्य देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंचन के दौरान देवताओं द्वारा श्रीराम की स्तुति का दृश्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।लीला के समापन में दिखाया गया कि श्रीराम, माता सीता, अनुज लक्ष्मण और वानरी सेना सहित अयोध्या लौटने के लिए रवाना होते हैं। मार्ग में प्रयागराज में विश्राम की लीला का सुंदर मंचन कर शनिवार की रामलीला संपन्न हुई।

रामलीला समिति के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय और मंत्री त्रिलोकी सेठ ने बताया कि सोमवार को अयोध्या आगमन एवं राज्याभिषेक की लीला का भव्य मंचन किया जाएगा।
