
अधर्म छोड़ शरण में आए विभीषण का किया राजतिलक
“नवीन प्रधान”
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शिवपुर की प्राचीन एवं ऐतिहासिक रामलीला में रविवार की रात विभीषण शरणागति और समुद्र तट प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम की करुणा, धर्म के प्रति समर्पण और अधर्म पर धर्म की विजय का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। लीला के दौरान रामलीला मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा।मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज के बाद प्रभु श्रीराम वानर सेना के साथ किष्किन्धा से आगे बढ़ते हुए समुद्र तट पर पहुंचते हैं। यहां लंका पर चढ़ाई करने की रणनीति बनाई जाती है।

इसी बीच रावण का भाई विभीषण उसकी अधर्मपूर्ण नीतियों का विरोध करते हुए लंका छोड़ देता है और प्रभु श्रीराम की शरण में पहुंचता है।विभीषण को शरण देने के विषय में वानर सेना के बीच संशय की स्थिति बनती है, लेकिन प्रभु श्रीराम उसकी निष्ठा और धर्म के प्रति समर्पण को देखते हुए उसे स्वीकार कर लेते हैं। वे विभीषण को गले लगाकर अभय देते हैं और लंका का राजा घोषित करते हुए उसका राज्याभिषेक करते हैं। यह दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
