
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अर्दली बाजार में आयोजित पारंपरिक रामलीला के दौरान रविवार को मेघनाद वध का रोमांचक मंचन किया गया। जैसे ही लक्ष्मण जी ने मायावी मेघनाद का वध किया, पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ और ‘लक्ष्मण भैया की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।लीला के दौरान कलाकारों ने युद्ध के दृश्यों का ऐसा जीवंत प्रदर्शन किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मेघनाद के यज्ञ विध्वंस और उसके बाद लक्ष्मण-मेघनाद के बीच हुए घमासान युद्ध ने सभी का ध्यान खींच लिया। इस दौरान अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था और आतिशबाजी ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। सत्य की असत्य पर विजय के इस प्रमुख प्रसंग को देखने के लिए अर्दली बाजार व आसपास के इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।

आरती के उपरांत प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संयोजन अध्यक्ष अनिल पांडेय, महामंत्री विपुल कुमार पाठक ने किया।
