केन्द्रीय कारागार की रामलीला में लक्ष्मण शक्ति से लेकर संजीवनी बूटी तक का भावपूर्ण मंचन

Share News

वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। केन्द्रीय कारागार में रामलीला में रविवार को विभीषण शरणागति, रामसेतु निर्माण, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति और संजीवनी बूटी लाने तक की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को रामकथा के विभिन्न प्रसंगों से जोड़ दिया। लक्ष्मण के मूर्छित होने पर भगवान राम का विलाप और हनुमान के संजीवनी लेकर लौटने के प्रसंग ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।लीला में दिखाया गया कि रावण को विभीषण नीति और धर्म का मार्ग अपनाने की सलाह देते हैं, लेकिन अहंकार में चूर रावण उन्हें लात मारकर लंका से निष्कासित कर देता है। इसके बाद विभीषण भगवान राम की शरण में पहुंचते हैं। प्रभु राम उन्हें अपनाकर लंका का राजा घोषित करते हैं।

लंका पर चढ़ाई के लिए भगवान राम समुद्र से मार्ग देने की विनती करते हैं। तीन दिन तक प्रतीक्षा के बाद भी मार्ग नहीं मिलने पर श्रीराम धनुष पर बाण चढ़ाते हैं। भयभीत समुद्र प्रकट होकर नल-नील के माध्यम से सेतु निर्माण का उपाय बताता है। इसके बाद रामेश्वरम की स्थापना कर वानर सेना समुद्र पार करती है।लंका पहुंचने के बाद भगवान राम अंगद को दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजते हैं। अंगद रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाने और युद्ध से बचने की सलाह देते हैं, लेकिन रावण उन्हें मारने का आदेश देता है। इस पर अंगद दरबार में अपना पैर जमा देते हैं और चुनौती देते हैं कि जो भी उनका पैर हटा देगा, वे सीता को वापस ले जाने और राम के लौटने की बात स्वीकार कर लेंगे। रावण के योद्धा पैर हटाने में असफल रहते हैं। अंत में रावण स्वयं आगे बढ़ता है तो अंगद उसे श्रीराम के चरण पकड़ने की सलाह देते हैं।इसके बाद मेघनाद और वानर सेना के बीच भीषण युद्ध होता है। लक्ष्मण के बाणों से घायल मेघनाद माया युद्ध करते हुए वीरघातिनी शक्ति का प्रयोग करता है, जिससे लक्ष्मण मूर्छित होकर गिर पड़ते हैं। हनुमान उन्हें भगवान राम के पास लाते हैं। लक्ष्मण को गोद में रखकर श्रीराम का करुण विलाप देखकर दर्शक भावुक हो उठते हैं।विभीषण के परामर्श पर हनुमान लंका से सुषेण वैद्य को लाते हैं। संजीवनी बूटी लाने के लिए हनुमान धवलागिरि पर्वत की ओर उड़ते हैं। रावण के भेजे कालनेमि का वध कर वे पर्वत पहुंचते हैं, लेकिन औषधि की पहचान नहीं होने पर पूरा पर्वत ही उठा लेते हैं। लौटते समय नंदीग्राम में भरत उन्हें निशाचर समझकर बाण से नीचे गिरा देते हैं। हनुमान के मुख से राम नाम सुनकर भरत उनके पास पहुंचते हैं और पूरा प्रसंग जानकर उन्हें शीघ्र श्रीराम के पास पहुंचाने का आश्वासन देते हैं। अंततः संजीवनी बूटी से लक्ष्मण की मूर्छा दूर होती है।

मंचन के दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, उपमहानिरीक्षक कारागार वाराणसी परिक्षेत्र राजेश श्रीवास्तव और दिल्ली से आए आचार्य मधुर दास जी महाराज सहित अन्य अतिथि भावपूर्वक लीला का आनंद लेते रहे।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने उपमहानिरीक्षक कारागार राजेश श्रीवास्तव को मंच पर आमंत्रित किया। साथ ही नवंबर में आचार्य मधुर दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय रामकथा के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया।

इस अवसर पर चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव और फार्मासिस्ट संदीप खरे सहित जेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *