
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध शिवपुर रामलीला में गुरुवार को हनुमान मिलन, राम-सुग्रीव मित्रता और बाली वध प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। मंचन के दौरान प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। लीला में दिखाया गया कि वन में माता सीता की खोज करते हुए श्रीराम और लक्ष्मण की मुलाकात हनुमानजी से होती है। हनुमानजी दोनों भाइयों को सुग्रीव के पास ले जाते हैं। इसके बाद श्रीराम और सुग्रीव के बीच मित्रता होती है। सुग्रीव अपनी व्यथा सुनाते हैं, जिसके बाद श्रीराम उन्हें न्याय दिलाने का वचन देते हैं। बाली वध प्रसंग का मंचन हुआ। सुग्रीव की सहायता के लिए प्रभु श्रीराम बाली का वध करते हैं और सुग्रीव को किष्किंधा का राजा बनाते हैं। इस प्रसंग के मंचन पर दर्शकों ने जयकारे लगाकर उत्साह व्यक्त किया।

समिति अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय ने कहा कि हनुमान मिलन और राम-सुग्रीव की मित्रता का प्रसंग निष्ठा, विश्वास और धर्म की रक्षा के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है। यह कथा समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देती है। मंत्री त्रिलोकी सेठ ने कहा कि रामलीला की प्रत्येक लीला नैतिक शिक्षा प्रदान करती है। बाली वध अन्याय और अधर्म के अंत का प्रतीक है। शिवपुर रामलीला की परंपरा पीढ़ियों से लोगों को धर्म और मर्यादा का संदेश दे रही है।
