
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अर्दली बाजार की रामलीला में धनुष यज्ञ के उपरांत स्वयंबर का दृश्य देख दर्शक भावविभोर हो उठे। माता सीता ने श्रीराम के गले में वरमाला डाली, जिससे पूरा प्रांगण अलौकिक हर्ष और विवाह गीतों की गूंज से सराबोर हो गया।इस मंगलमय अवसर पर राजा जनक ने राजा दशरथ को संदेश भेजकर श्रीराम के साथ उनके अन्य तीनों भाइयों के लिए भी विवाह का प्रस्ताव भेजा, जिसे अयोध्या नरेश ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। भव्य विवाह मंडप में चारों भाइयों का विवाह संपन्न हुआ, जिसे देख स्वर्ग से देवताओं ने भी पुष्प वर्षा की। इस दौरान गुरु वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र और अन्य ऋषियों ने नव दंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। विवाह के इस उल्लास के बाद लीला में अयोध्या आगमन, कोप भवन के प्रसंग और राम वन गमन की अत्यंत मार्मिक प्रस्तुति की गई, जिसे देखकर उपस्थित राम भक्तों की आंखें नम हो गईं। रामलीला के इन सजीव दृश्यों ने दर्शकों के मन पर अमिट छाप छोड़ी और पूरी रामलीला का मंचन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
