
परशुराम के तल्ख तेवरों पर बिफरे शेषावतार
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। अर्दली बाजार की प्रसिद्ध रामलीला में धनुष यज्ञ और श्रीराम द्वारा भगवान शिव के पिनाक धनुष के खंडन का अत्यंत सजीव व रोमांचक मंचन किया गया। जैसे ही श्रीराम ने प्रत्यंचा चढ़ाकर धनुष तोड़ा, उसकी भीषण टंकार से तीनों लोक कंपायमान हो उठे।

धनुष टूटने का समाचार पाते ही भगवान परशुराम अत्यंत क्रुद्ध होकर राजा जनक की सभा में पहुंचे। उन्होंने वहां उपस्थित भूपालों के संहार की धमकी देते हुए अपराधी को सामने लाने को कहा। अपने भ्राता श्रीराम के प्रति परशुराम के कटु वचनों को सुनकर लक्ष्मण जी आपे से बाहर हो गए।

उन्होंने परशुराम जी के अहंकार को चुनौती देते हुए युद्ध के लिए ललकारा और धनुष उठाकर आगे बढ़ गए।दोनों के बीच हुए ओजस्वी एवं तीखे संवाद को देखकर उपस्थित मानस प्रेमी दर्शक जयकारों के साथ प्रफुल्लित हो उठे। संयोजन अध्यक्ष अनिल पांडेय, विपुल कुमार पाठक, घनश्याम गुप्ता और नितिन ने किया।
