
24 वार्डों में विधायक नीलकंठ तिवारी का जनसंपर्क, 20 हजार से अधिक परिवारों से किया सीधा संवाद, 7 हजार समस्याओं का निस्तारण और 800 पौधों का रोपण
वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान का समापन किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में प्रवास कर लोगों से सीधा संवाद किया। अभियान के दौरान 20 हजार से अधिक परिवारों से संपर्क, करीब 800 पौधों का रोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। समापन अवसर पर विधायक ने टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा लोहटिया स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पियरीकला वार्ड में अंतिम दिवस के प्रवास की शुरुआत की। विधायक ने विभिन्न मोहल्लों में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और स्थानीय लोगों से जनसंपर्क कर उनका कुशलक्षेम जाना। स्व. राजनारायण पार्क में 101 पौधों का रोपण भी किया गया।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पिछले चार वर्षों से वार्ड प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस को आधार बनाकर 19 जुलाई से 2 अक्टूबर तक 76 दिवसीय वार्ड प्रवास का आयोजन किया गया। इस दौरान 24 वार्डों में कम से कम तीन बार भ्रमण किया गया और 70 से अधिक जनचौपाल आयोजित की गईं। छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान करीब 7 हजार समस्याओं का निस्तारण कराया गया। इनमें सीवर, पेयजल, जलभराव, क्षतिग्रस्त गलियों और मार्गों तथा विद्युत पोल से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। कई स्थानों पर नई पेयजल एवं सीवर पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए गए, जबकि दारानगर में मिनी नलकूप और कोनिया क्षेत्र में ध्वस्त सीवर लाइन के स्थान पर नई सीवर लाइन का कार्य कराया गया। करीब 50 से अधिक जर्जर एवं टेढ़े विद्युत पोलों को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।विधायक के अनुसार, वार्ड प्रवास के दौरान नगर निगम, सीएसआर, त्वरित विकास निधि, पूर्वांचल विकास निधि, अवस्थापना निधि एवं विकास निधि सहित विभिन्न मदों से करीब 65 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए।वार्ड प्रवास के साथ प्रत्येक रविवार को लाभार्थी कैंप भी आयोजित किए गए। 76 दिनों में 11 कैंपों के माध्यम से हजारों लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया। चिकित्सा शिविरों में करीब 10 हजार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ, जबकि नेत्र शिविरों में 4 हजार से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। करीब 1800 लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए और जरूरतमंद मरीजों के मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन भी कराए गए।पोषण माह के तहत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। श्रम विभाग के सहयोग से विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को किट वितरित की गईं। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड एवं रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई। वार्ड प्रवास के दौरान भाजपा महानगर एवं मंडल के पदाधिकारी, पार्षद, नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, जलकल, विद्युत, नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पार्टी कार्यकर्ता लगातार विधायक के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वार्ड प्रवास का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान उनके द्वार पर कराना रहा। अभियान के दौरान स्वच्छता, हरियाली और जनसहभागिता को भी प्राथमिकता दी गई।
